स्वदेश विचार-नईदिल्ली(११/१२) : पूर्व वित्तीय सचिव और वित्तीय आयोग के मौजूदा सदस्य शक्तिकांत दास को सरकार ने भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) का नया गवर्नर नियुक्त किया है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने यह खबर दी है। वह आरबीआई के 25वें गवर्नर होंगे।
पूर्व गवर्नर ऊर्जित पटेल के सोमवार को दिए अचानक इस्तीफे के बाद यह पद खाली हो गया था। शक्तिकांत दास ने नोटबंदी के दौरान अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने नई दिल्ली के सेंट स्टीफन कॉलेज से मास्टर्स डिग्री ली है।
पिछले साल, दास ने वैश्विक रेटिंग एजेंसियों की पद्धति की आलोचना की थी। दास ने मोदी सरकार और गठबंधन वाली कांग्रेस सरकार के नेतृत्व में बजट डिविजन में काम किया है।
शक्तिकांत दास का जन्म 26 फरवरी 1957 को हुआ था। उन्होंने इतिहास में एमए किया है और तमिलनाडु कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। वो फिलहाल भारत के 15 वें वित्त आयोग और भारत के शेरपा जी -20 में सदस्य हैं। शक्तिकांत ने भारत के राजस्व सचिव, भारत के आर्थिक मामलों के सचिव और भारत के उर्वरक सचिव के रूप में अपनी सेवाएं दी हैं।
गौरतलब है कि सोमवार को उर्जित पटेल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। पटेल ने इसके पीछे निजी कारणों का हवाला दिया था। उर्जित पटेल सितंबर 2016 में आरबीआई के 24वें गवर्नर नियुक्त किए गए थे। उन्हें रघुराम राज का कार्यकाल खत्म होने के बाद तीन साल के लिए नियुक्त किया गया था।