नई दिल्ली (प्रेट्र)। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह शिव सेना प्रमुख उद्धव ठाकरे से मुंबई स्थित उनके आवास पर कल मुलाकात करेंगे। आपको बता दें कि भाजपा इन दिनों ‘समर्थन के लिए संपर्क’ अभियान चला रही है, इसी के तहत अमित शाह क शाम 6 बजे शिव सेना प्रमुख से मुलाकात करेंगे। इसके पहले पार्टी अध्यक्ष अमित शाह अब तक पूर्व क्रिकेटर कपिलदेव और बाबा रामदेव सहित कई लोगों से मुलाकात कर चुके हैं। इस अभियान के माध्यम से वे मोदी सरकार के चार साल की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं।
इसके पहले भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ‘समर्थन के लिए संपर्क’ अभियान के तहत सोमवार को पूर्व मुख्य न्यायाधीश आरसी लाहौटी और योग गुरु बाबा रामदेव से मिले। शाह ने इसके बाद ट्वीट किया, मैंने समर्थन के लिए संपर्क पहल के तहत माननीय पूर्व मुख्य न्यायाधीश आरसी लाहौटी से उनके आवास पर मुलाकात की।
उनके साथ नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा की। इससे पहले भाजपा अध्यक्ष ने इसी अभियान के तहत योग गुरु रामदेव से की गई मुलाकात की जानकारी दी थी। ट्वीट में उन्होंने बताया था कि योग गुरु को चार वर्षो के शासन में सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया। उल्लेखनीय है कि अगले आम चुनाव की तैयारियों के सिलसिले में भाजपा ‘समर्थन के लिए संपर्क’ अभियान चला रही है।