स्वदेस बिचार(९/७) : भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी के सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं को कई दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के कार्यकर्ताओं को साइबर वारियर करार देते कहा कि सोशल मीडिया में इतनी ताकत है कि वह पूरे परिदृश्य को बदल सकता है। शाह ने पार्टी की सोशल मीडिया सेल को 2019 के चुनाव के ध्यानार्थ उचित आंकड़ों के आधार पर विपक्ष को मुंहतोड़ जवाब देने को कहा है।
भाजपा के सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं की एक बैठक को संबोधित करते हुए रविवार को अमित शाह ने कहा कि भाजपा का सुनहरा दौर आना अभी बाकी है। चूंकि दक्षिणी राज्यों के साथ ही पश्चिम बंगाल को भी अब भगवा दायरे में आना बाकी है। भाजपा के एक कार्यकर्ता ने बताया कि अमित जी ने सोशल मीडिया के कार्यकर्ताओं को 2019 के आम चुनावों के लिए तैयार रहने को प्रेरित किया। उन्होंने हम सबसे कहा कि हम सब खुद को अपडेट रखने पर ध्यान दें। ताकि विपक्ष को उचित आंकड़ों के साथ जवाब दें।